नई दिल्ली
भारतीय निशानेबाज एशियाई खेलों में एक बार फिर शानदार प्रदर्शन दोहराने के इरादे से मैदान में उतरेंगे। हांगझू में 2022 एशियाई खेलों में भारतीय निशानेबाजों ने कुल 22 पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का दमदार प्रदर्शन किया था।
अब 19 सितंबर से जापान के आईची-नागोया में शुरू होने वाले एशियाई खेल 2026 के लिए खिलाड़ी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
कहां लगेंगे कैंप
खिलाड़ियों की तैयारी के लिए नई दिल्ली और भोपाल में विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। भोपाल स्थित मध्य प्रदेश राज्य निशानेबाजी अकादमी और दिल्ली के कर्णी सिंह निशानेबाजी परिसर में ये कैंप लगाए जाएंगे। पिस्टल और राइफल निशानेबाज पांच से 14 सितंबर तक भोपाल में अभ्यास करेंगे।
वहीं, स्कीट निशानेबाजों का शिविर कर्णी सिंह परिसर में शुरू हो चुका है, जबकि ट्रैप निशानेबाजों का कैंप 10 से 18 सितंबर तक चलेगा।
मानसिक मजबूती और तकनीकी सुधार पर फोकस
भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) के हाई परफार्मेंस निदेशक पियरे ब्यूशां ने बताया कि इन शिविरों में खिलाड़ियों की मानसिक तैयारी के साथ-साथ तकनीकी दक्षता को और निखारने पर विशेष जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस चरण में हमारा ध्यान अधिक अभ्यास की जगह सटीकता, मानसिक मजबूती और तकनीकी सुधार पर है।
अंतिम चरण के इन शिविरों की रूपरेखा इस तरह तैयार की गई है कि खेल विज्ञान और कोचिंग टीमें प्रत्येक खिलाड़ी के प्रदर्शन से जुड़े आंकड़ों पर बारीकी से नजर रख सकें और यह सुनिश्चित कर सकें कि एशियाई खेलों की निशानेबाजी परिसर में उतरते समय खिलाड़ी अपने सर्वश्रेष्ठ स्तर पर हों
एशियाई खेलों के लिए भारतीय निशानेबाजी दल
राइफल और पिस्टल दल
10 मीटर एयर राइफल पुरुष - पार्थ राकेश माने, हिमांशु ढिल्लों, रुद्रांक्ष बालासाहेब पाटिल
10 मीटर एयर राइफल महिला - एलावेनिल वलारिवन, सोनम उत्तम मास्कर, विदार्सा के. विनोद
50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन पुरुष - ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, नीरज कुमार, रुद्रांक्ष बालासाहेब पाटिल
50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन महिला - आशी चौकसे, विदार्सा के. विनोद, तिलोत्तमा सेन
10 मीटर एयर पिस्टल पुरुष - केदारलिंग बी. उचगांवकर, गौरव, कमलजीत
10 मीटर एयर पिस्टल महिला - सुरुचि, ईशा सिंह, मनु भाकर
25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल पुरुष - अनीश
25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल महिला - ईशा सिंह, मनु भाकर, राही सरनोबत
10 मीटर एयर राइफल मिक्स्ड टीम - पार्थ राकेश माने-एलावेनिल वलारिवन
10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम - केदारलिंग बी. उचगांवकर-सुरुचि
शॉटगन दल
ट्रैप पुरुष - किनान चेनाई, अहवार रिजवी, शपथ भारद्वाज
ट्रैप महिला - नीरू, मनीषा कीर, आशिमा अहलावत
स्कीट पुरुष - अनंतजीत सिंह नरुका, भवतेघ सिंह गिल, मैराज अहमद खान
स्कीट महिला - परिनाज धालीवाल, राइजा ढिल्लों, महेश्वरी चौहान
Source : Agency
