10वीं-12वीं पास के लिए आसान सरकारी नौकरियां, कम समय में ऐसे करें तैयारी

सरकारी नौकरी आज भी लाखों युवाओं के करियर की पहली पसंद बनी हुई है. स्थिर करियर, तय सैलरी और नौकरी से जुड़ी सुविधाओं की वजह से हर साल बड़ी संख्या में उम्मीदवार अलग-अलग भर्ती परीक्षाओं में शामिल होते हैं. हालांकि, हर परीक्षा की तैयारी में लंबा समय देना संभव नहीं होता. ऐसे में कई उम्मीदवार उन भर्तियों की तलाश करते हैं, जिनका सिलेबस बहुत बड़ा न हो और जिन्हें सीमित समय में बेहतर तरीके से तैयार किया जा सके.

खासकर 10वीं और 12वीं पास युवाओं के लिए कुछ ऐसी सरकारी भर्तियां हैं, जिनमें सही प्लानिंग और नियमित अभ्यास के साथ कम समय में तैयारी की जा सकती है. अगर आप भी सरकारी नौकरी की तैयारी शुरू करने की सोच रहे हैं और आपके पास कम समय है, तो ये विकल्प आपके लिए काम के हो सकते हैं.

मल्टी टास्किंग स्टाफ और हवलदार
केंद्र सरकार की नौकरी चाहने वाले युवाओं के लिए SSC MTS (Multi-Tasking Staff & Havaldar) एक अच्छा विकल्प हो सकता है. कम शैक्षणिक योग्यता और आसान परीक्षा पैटर्न होने से इसे उम्मीदवार सही प्लानिंग के साथ कम समय में भी क्रैक कर सकते हैं.

न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा
इस परीक्षा में शामिल होने के लिए उम्मीदवार का किसी भी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास होना अनिवार्य है. आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की उम्र 18 से 25 वर्ष या कुछ पदों (जैसे हवलदार) के लिए 18 से 27 वर्ष के बीच होती है. इसके अलावा, सरकारी नियमों के अनुसार आरक्षित वर्गों (जैसे SC/ST को 5 साल और OBC को 3 साल) की छूट का प्रावधान भी मिलता है.

चयनित उम्मीदवारों को मिलने वाली सैलरी
चयनित उम्मीदवारों को 7वें वेतन आयोग के पे-लेवल-1 के आधार पर सैलरी दी जाती है. इसका शुरुआती यानी बेसिक पे 18,000 रुपये प्रति माह है. इसमें महंगाई भत्ता (DA), मकान किराया भत्ता (HRA) और ट्रांसपोर्ट अलाउंस (TA) जैसी सुविधाएं जुड़ने के बाद शुरुआती इन-हैंड सैलरी शहरों के आधार पर लगभग 25,000 रुपये से 32,000 रुपये प्रति माह तक पहुंच जाती है.

RRB ग्रुप D
भारतीय रेलवे दुनिया के सबसे बड़े नियोक्ताओं में से एक है और लाखों युवाओं का सपना रेलवे में नौकरी पाने का होता है. अगर आप कम समय में एक स्थायी और सुरक्षित सरकारी नौकरी की तलाश में हैं, तो RRB ग्रुप D की परीक्षा आपके लिए एक शानदार अवसर है. सही रणनीति और तीन महीने की कड़ी मेहनत से इस परीक्षा को क्रैक किया जा सकता है.

न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा
इस परीक्षा में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार को किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास होना अनिवार्य है. इसके साथ ही, कुछ तकनीकी पदों के लिए संबंधित ट्रेड में ITI का प्रमाण पत्र होना अनिवार्य माना जाता है. बात करें उम्र की, तो इसके लिए न्यूनतम एज 18 साल निर्धारित की गई है. हालांकि, सरकारी नियमों के अनुसार आरक्षित वर्गों (जैसे SC/ST को 5 साल और OBC को 3 साल) को अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलती है.

किन पदों पर होती है नियुक्ति?
RRB Group D के माध्यम से भारतीय रेलवे के विभिन्न जोन्स और पदों पर नियुक्ति होती है. लेवल-1 के महत्वपूर्ण तकनीकी और गैर-तकनीकी पदों पर भर्तियां की जाती हैं. मुख्य पदों में ट्रैक मेंटेननर (Track Maintainer Grade-IV), हेल्पर/असिस्टेंट (मैकेनिकल, सिग्नल और टेलीकॉम विभाग) और पॉइंट्समैन शामिल हैं. ये सभी पद रेलवे के सुरक्षित संचालन और रख-रखाव में अहम भूमिका निभाते हैं.

उम्मीदवारों को मिलने वाली सैलरी
चयनित उम्मीदवारों को 7वें वेतन आयोग के पे-लेवल-1 के आधार पर सैलरी दी जाती है. इसका बेसिक पे 18,000 रुपये प्रति माह होता है. इसमें महंगाई भत्ता (DA), मकान किराया भत्ता (HRA), नाइट ड्यूटी अलाउंस और ट्रांसपोर्ट अलाउंस जैसे तमाम भत्ते जुड़ने के बाद शुरुआती इन-हैंड सैलरी लगभग 25,000 रुपये से 30,000 रुपये प्रति माह तक हो जाती है. इसके अलावा रेलवे कर्मचारियों को मुफ्त यात्रा पास जैसी विशेष सुविधाएं भी मिलती हैं.

चयन प्रक्रिया
इस परीक्षा की चयन प्रक्रिया मुख्य रूप से चार चरणों में पूरी होती है, जिसमें सबसे पहले कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) होती है. सीबीटी पास करने वाले उम्मीदवारों को शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए बुलाया जाता है, जिसमें पुरुषों और महिलाओं के लिए दौड़ और वजन उठाने के तय मानक होते हैं. इसके बाद दस्तावेज सत्यापन और अंत में मेडिकल परीक्षा होती है, जिसके आधार पर फाइनल चयन होता है.

होम गार्ड और पुलिस कांस्टेबल
केंद्र सरकार की नौकरियों के अलावा, राज्य सरकारों की ओर से निकाली जाने वाली नौकरियां भी युवाओं के बीच बेहद लोकप्रिय हैं. हालांकि, इसके लिए अलग-अलग राज्यों के लिए नियम भी अलग है. इन भर्तियों की प्रक्रिया अन्य केंद्रीय परीक्षाओं के मुकाबले थोड़ी तेज होती है.

न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा
शैक्षणिक योग्यता: पुलिस कॉन्स्टेबल के लिए अमूमन किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना जरूरी है जबकि कई राज्यों में होम गार्ड के लिए 10वीं पास योग्यता भी मांग ली जाती है. आयु सीमा 18 से 25 साल होती है. आरक्षित वर्गों (SC/ST/OBC) को राज्य के नियमानुसार आयु में छूट मिलती है.

किन पदों पर होती है नियुक्ति?
इस श्रेणी के तहत मुख्य रूप से कानून-व्यवस्था को संभालने और आंतरिक सुरक्षा के लिए नियुक्तियां की जाती हैं:

पुलिस कॉन्स्टेबल- थानों में कानून व्यवस्था बनाए रखना, गश्त करना, एफआईआर दर्ज करने में मदद करना और अपराधियों पर नजर रखना.

होम गार्ड वालंटियर- ट्रैफिक कंट्रोल, मेलों, त्योहारों, आपदा प्रबंधन और वीवीआईपी सुरक्षा के दौरान पुलिस विभाग की सहायता करना शामिल है.

फॉरेस्ट गार्ड- कई राज्यों में वन विभाग के अंतर्गत जंगलों और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए भी ऐसी ही त्वरित भर्तियां निकलती हैं.

चयनित उम्मीदवारों को मिलने वाली सैलरी
पुलिस कॉन्स्टेबल- 7वें वेतन आयोग के तहत इनका मूल सैलरी करीब 21,700 रुपये से शुरू होता है. महंगाई भत्ता (DA) और स्थानीय भत्ते जुड़ने के बाद शुरुआती इन-हैंड सैलरी 27,000 रुपये से 35,000 रुपये प्रति माह तक हो जाती है.

होम गार्ड: इन्हें प्रतिदिन के हिसाब से ड्यूटी भत्ता या राज्य सरकार द्वारा निर्धारित मानदेय मिलता है, जिससे इनकी मासिक आय लगभग 20,000 रुपये से 25,000 रुपये तक हो जाती है.

चयन प्रक्रिया
इन नौकरियों की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें केवल लिखित परीक्षा ही नहीं, बल्कि शारीरिक क्षमता पर बहुत जोर दिया जाता है-

लिखित परीक्षा - बहुविकल्पीय प्रश्नों पर आधारित परीक्षा.

शारीरिक मानक परीक्षण- उम्मीदवारों की लंबाई और सीने की माप.

शारीरिक दक्षता परीक्षा-  तय समय में दौड़ और लंबी कूद/ऊंची कूद.

मेडिकल जांच और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन- इसके बाद फाइनल मेरिट लिस्ट तैयार की जाती है.

 

#jobs

Source : Agency

7 + 15 =